नवादा में पुलिस पिटाई से युवक की मौत के बाद सड़क जाम, परिजनों ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
नवादा, 01 अगस्त (हि.स.)।नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ गांव में शनिवार को पुलिस की पिटाई से एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान नंदपुर गांव निवासी स्व. कुलो मांझी के 30 वर्षीय पुत्र मुंद्रिका मांझी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इचुआ गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान मुंद्रिका मांझी वहां मौजूद था।
आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग करने लगे।
वहीं, नारदीगंज थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि संबंधित समय पर थाना पुलिस इचुआ गांव में छापेमारी के लिए नहीं गई थी, बल्कि वनगंगा क्षेत्र में गश्त पर थी। पुलिस को एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस की पिटाई से मौत के मामले में युवाओं को आंदोलन कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

