home page

माघर में घर में घुसकर युवक की गला दबाकर हत्या, विरोध में एनएच-331ए जाम

 | 
माघर में घर में घुसकर युवक की गला दबाकर हत्या, विरोध में एनएच-331ए जाम


माघर में घर में घुसकर युवक की गला दबाकर हत्या, विरोध में एनएच-331ए जाम


सीवान, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले में भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के माघर पाण्डेय मोड़ स्थित एनएच-331ए के किनारे अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी।

सोमवार की अहले सुबह कमरे में युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान कृष्णा प्रसाद सोनी के पुत्र सौरभ कुमार सोनी के रूप में हुई है।

परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर पट्टीदारों पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि रात में सौरभ अपने माता-पिता और दो छोटे बच्चों के साथ घर में सोया था। सभी लोग खाना खाने के बाद सो गये थे। सुबह परिजन जब कमरे में पहुंचे तो सौरभ संदिग्ध अवस्था में मृत पड़ा मिला। उसके गले पर दबाव के काले निशान तथा सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घर के दरवाजे की कुंडी भी टूटी हुई पायी गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये। युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में एनएच-331ए को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। लोग हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

मृतक की मां ने बताया कि सुबह कमरे में जाने पर सौरभ मृत अवस्था में मिला। वहीं पिता कृष्णा प्रसाद सोनी ने बताया कि उनके खास भाइयों के साथ करीब 11 धुर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जतायी कि इसी विवाद में सौरभ की हत्या करायी गयी है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा एफएसएल टीम को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। घर के दरवाजे की कुंडी अंदर से टूटी हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारण और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma