क्रिकेट विवाद में युवक की हत्या, पांच आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर, 23 फरवरी (हि. स.)। यूपी के बरसठी थानाक्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार को शुभम शुक्ला (25) की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
सोमवार को इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मडियाहूं परमानंद कुशवाहा ने बताया कि शनिवार को शुभम शुक्ला और मंगरमू गांव निवासी विकास यादव के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी ने रविवार को गंभीर रूप ले लिया। विकास यादव अपने साथियों सौरभ यादव (बाल अपचारी), सुमित, सचिन पटेल और अनुज पटेल के साथ गांव के बगीचे में पहुंचा। उसने शुभम को वहां बुलाया, जहां सभी ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुभम जमीन पर गिर पड़ा और आरोपित मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में शुभम कुछ दूरी तक चला, लेकिन सड़क किनारे गिर पड़ा। रास्ते से गुजर रहे एक ग्रामीण ने उसे खून से लथपथ देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी देते हुए उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के पिता राजेश शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात में दबिश दी और विकास यादव सहित सभी आरोपितों को रसुलहा भीटा के पास से गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

