दुर्ग : महज 15 सौ रुपये के विवाद में बेरहमी से युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका, सात नाबालिग पकड़े गए
- पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाया
दुर्ग, 19 जून (हि.स.)। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में महज 15 सौ रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या आरोप में पुलिस ने 7 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि, मृतक ने मुख्य आरोपित से 15 साै रुपये उधार लिए थे। बार-बार पैसे मांगने के बाद भी जब उसने रकम वापस नहीं की, तो आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक , घटना 17 जून 2026 की रात की है। मुख्य आरोपित ने फोन कर युवक को राइस मिल के पास बुलाया। वहां पहले से ही मुख्य आरोपित के अन्य दोस्त मौजूद थे। जैसे ही युवक पहुंचा, सभी आरोपितों ने मिलकर उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपितों ने पास पड़े भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया और कटर से सीने, पेट व पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
दुर्ग एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि, थाना मोहन नगर क्षेत्र में एक कुएं में शव मिला था। प्रथम दृष्टया सिर पर चोट के निशान मिले थे। पतासाजी के दौरान सात आरोपितों को पकड़ने में सफलता पाई गई है। सभी नाबालिग हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पैसे के लेनदेन का मामला था।
साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए। 18 जून को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस ने तत्परता दिखाई और घटना में शामिल सभी 7 नाबालिग आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पत्थर, कटर और अन्य संबंधित साक्ष्य भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

