बिहार के किशनगंज में घर में घुसकर युवक की हत्या
किशनगंज, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को घर में घुसकर एक युवक की हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना हाईस्कूल चौक के समीप की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के टंगटंगी गांव निवासी मोहम्मद रिजवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रिजवान बिशनपुर थाना क्षेत्र में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली तो आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
सूचना मिलते ही बिशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात को किन लोगों ने अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ स्थानीय लोग हत्या को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य लोग आपसी रंजिश की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

