तलवारों से हमला कर युवक की हत्या, शादी से लौटते समय घेरकर किया वार
उदयपुर, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में छह से अधिक बदमाशों ने तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। युवक अपने चचेरे भाई की शादी के कार्यक्रम से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेरकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना खेड़ाघाटी, बलीचा क्षेत्र की है, जहां रात करीब दो बजे हमलावरों ने 35 वर्षीय नीलेश गरासिया पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नीलेश अपने चचेरे भाई नरेश गरासिया के साथ शादी समारोह में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी स्कूटी रुकवाई और अचानक तलवारों से हमला शुरू कर दिया।
हमलावरों ने पहले नीलेश के हाथ पर वार किया, इसके बाद गर्दन और कमर पर लगातार प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान साथ मौजूद नरेश किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शी नरेश ने बताया कि हमलावरों में अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश सहित अन्य लोग शामिल थे। इनमें से कई आरोपी पहले शादी समारोह में भी मौजूद थे और बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वे समारोह से निकले, बदमाश पीछे लग गए और सुनसान जगह पर हमला कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पाटिया, पहाड़ा और खेरवाड़ा थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है।
ग्रामीणों ने ढोल बजाकर सामाजिक पंचायत भी बुलाई, जिसमें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को खेरवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

