पुरानी रंजिश में घर में घुसकर युवक की हत्या, भाई और भतीजा घायल
जौनपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र के बसरा गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडे और गड़ासे से लैस होकर एकजुट होकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पुलिस ने आठ नामजद और एक अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब आठ बजे रमेश यादव (40) अपने परिवार के साथ घर में खाना खाने के बाद दीपावली मना रहे थे। इसी दौरान गांव की चौहान बस्ती के दर्जनों लोग लाठी-डंडे और गड़ासे से लैस होकर उनके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। हमले में घर के मुखिया रमेश यादव, उनके भाई मुन्नू यादव (50) और भतीजे प्रदीप यादव (17) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस से बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां रमेश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल मुन्नू और प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि घटना दीपावली की रात करीब आठ बजे पुरानी रंजिश को लेकर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इस घटना में मृतक रमेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के रितेश चौहान, लालू, प्रेम, शिवा, शैलेश, राम सिंह और वीरे चौहान समेत आठ नामजद तथा एक अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

