home page

कूचबिहार में युवक की हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान

 | 

कूचबिहार, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले में एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कूचबिहार-2 नंबर ब्लॉक के बड़ा गिला इलाके की है। मंगलवार देर रात स्थानीय लोगों ने कालजानी रोड पर खापाइडांगा निवासी तापस सरकार को गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना मिलने के बाद पुंडीबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले है।

घटनास्थल से खून से सना बड़ा पत्थर बरामद हुआ है। साथ ही वहां हाथापाई के भी निशान मिले है। इन परिस्थितियों के आधार पर पुलिस शुरुआती तौर पर इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात तापस एक दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं और वारदात की वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार