बालोद जिले में उप सरपंच के भतीजे की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बालोद 03 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीभाठ में गुरुवार की देर रात मंदिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के शीतला मंदिर को लेकर आयोजित एक बैठक के दौरान हुए विवाद में उप-सरपंच के भतीजे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने पांच संदेहियाें काे हिरासत में लिया है।
डाैंडी पुलिस से आज मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में गुरुवार की देर रात शीतला मंदिर से जुड़े मामले काे लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। चर्चा के दौरान ग्रामीणों और उप-सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि वहां मौजूद सोहन लाल साहू और उसके साथियों ने हमला कर दिया। जब उप-सरपंच का भतीजा कुणाल देशमुख बीच-बचाव करने पहुंचा, तब आरोपित सोहन लाल ने उस पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने मुख्य आरोपित सोहन लाल साहू समेत कुल 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और आरोपियों से पूछताछ जारी है वहीं मामले को पुलिस गंभीरता से लेकर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

