जांजगीर में उधारी के पैसों के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, मुख्य आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर (हि. स.)। जिले के खोखरा गांव में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के फरार मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी (40 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपित इतवारी सूर्यवंशी (42 वर्ष) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा में हुई थी। बताया गया कि मृतक देवनारायण सूर्यवंशी, कौशल सूर्यवंशी और इतवारी सूर्यवंशी सहित तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपितों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक खोखरा ने सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया।
इस हत्याकांड की जांच में पुलिस ट्रेकर डॉग 'गब्बर' की भूमिका महत्वपूर्ण रही। घटनास्थल से ट्रैकर डॉग सीधे मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था। पुलिस ने जब उसके घर की जांच की तो वह फरार मिला। इसके बाद से ही पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई थी। कल पुलिस ने उसे रायपुर से हिरासत में लेकर जांजगीर लाया गया। पूछताछ में आरोपित ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से देवनारायण के सिर पर हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर की गई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें और कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

