home page

पैसों के लेनदेन में सिर कूचकर युवक की हत्या, आराेपित दाेस्त हिरासत में

 | 
पैसों के लेनदेन में सिर कूचकर युवक की हत्या, आराेपित दाेस्त हिरासत में


नोएडा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। थाना फेस- 3 क्षेत्र के सेक्टर 64 के पास नाली में एक व्यक्ति का लहूलुहान शव पुलिस को बृहस्पतिवार को मिला है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पैसों के लेन- देन के चलते उसके साथी ने उसकी हत्या की है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी ने बताया कि 26 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 64 में एक व्यक्ति का शव नाले में पड़ा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतक का नाम राहुल उम्र 35 वर्ष है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि राहुल फुटपाथ पर सोता था, उसके साथ ही फुटपाथ पर सोने वाले रवींद्र से उसका पैसों की लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ। रविंद्र ने राहुल के सिर पर पत्थर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, तथा उसे नाले में फेंक दिया। इस घटना में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपित रविंद्र पुत्र बनवारी सिंह निवासी पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी