अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
किशनगंज, 04 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के लहरा फुलवारी निवासी 18 वर्षीय कैशर आलम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि पत्नी के साथ कैशर के अवैध संबंध होने के शक में उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मो अकमल हुसैन को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी और कैशर आलम के बीच संबंध होने का संदेह था। इसी शक के आधार पर उसने अपने मित्र मो इरफान आलम, मो फिरोज तथा मो असजद रजा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 20 मई की रात अकमल ने फोन कर कैशर आलम को ए-वन होटल के पास बुलाया। वहां से सभी आरोपी उसे एक वैगनआर कार में बैठाकर सिमलबाड़ी स्थित महानंदा नदी किनारे ले गए। पूछताछ के दौरान विवाद और हाथापाई होने पर आरोपियों ने मिलकर कैशर को पकड़ लिया तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया गया ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, चार मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। वाहन को पश्चिम बंगाल से तथा कपड़ों को किशनगंज रेलवे स्टेशन के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

