home page

रायपुर : उधार के पांच हजार मांगने पर युवक की हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा; तीन आरोपित और दो बालक गिरफ्तार

 | 
रायपुर : उधार के पांच हजार मांगने पर युवक की हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा; तीन आरोपित और दो बालक गिरफ्तार


रायपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में उधार दिए गए 5 हजार वापस मांगने को लेकर एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो नाबालिग बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त सोमवार की सुबह गोगांव अंडरब्रिज स्थित पुरानी रेलवे लाइन पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान प्रीतम साहू (19वर्ष ), निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। प्रारंभिक तौर पर मामला रेल हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन शव के पंचनामा के दौरान शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने हत्या के संदेह में जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि मृतक ने आरोपित निखिल ध्रुव को 5 हजार उधार दिए थे। रकम वापस नहीं मिलने पर प्रीतम लगातार अपने पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर 16 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित निखिल ने प्रीतम से कहा कि, वह रेलवे पटरी के पास स्थित एटीएम से उसके पैसे निकालकर दे देगा और उसे पटरी की ओर ले गया। वहां निखिल ने अपने साथियों दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर प्रीतम की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर सभी आरोपित टीटलागढ़, ओडिशा की ओर भाग गए।

पुलिस ने आरोपितों की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सभी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितो में निखिल ध्रुव, दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू, दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि, मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर