सागर: पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, भंडारे में जाते समय घेराबंदी कर किया हमला
सागर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समनापुर शाहजू में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहाँ 15 दिन पहले हुए एक मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दूसरे पक्ष ने युवक को गांव के बाहर घेरकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में 6 नामजद सहित कुल 7 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मृतक अभी यादव के पिता लखन यादव द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, करीब 15 दिन पहले उनके रिश्तेदार भागचंद यादव निवासी समनापुर शाहजू एक कार्यक्रम में देहचुआ आए थे। वहां किसी बात को लेकर अभी यादव और भागचंद के बीच विवाद हो गया था। उस समय भागचंद और पप्पू यादव ने अभी को धमकी दी थी कि यदि वह उनके गांव आया, तो उसे जान से मार देंगे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को यादव अपने रिश्तेदार अमित, हुकम और अंकुर के साथ बाइक से अपने साढू भाई लटोरी यादव के घर आयोजित भंडारे में शामिल होने समनापुर शाहजू जा रहा था। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही वे गांव के बाहर मक्खन यादव के घर के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे टनटू यादव, भागचंद, उमेश, मक्खन, पप्पू, सुखलाल और सुखदेव यादव ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने पुरानी बुराई को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अभी यादव के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए अमित और छोटू को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा।
घटना के बाद घायलों को तत्काल देवरी अस्पताल ले जाया गया। अभी यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सागर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
महाराजपुर थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई है। मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 191(2), 191(3), 190, 126(2), 118(1), 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

