home page

(अपडेट) दोस्त ही निकला हत्यारा, घर से घुमाने ले जाकर की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) दोस्त ही निकला हत्यारा, घर से घुमाने ले जाकर की हत्या, आरोपित गिरफ्तार


- रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी फाफाडीह में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले में खुलासा

रायपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र के खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी फाफाडीह में नाले के पास गुरुवार सुबह युवक की खून से लथपथ लाश मिलने के मामले में पुलिस ने चंद घंटे में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

गंज थाना पुलिस ने आग शुक्रवार काे खुलासा करते हुए बताया कि जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी चूना भट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों द्वारा बताया गया कि, मृतक सुबह लगभग 8 बजे घर से किसी परिचित युवक के साथ बाहर जाने की बात कहकर निकला था।

मृतक के निवास स्थान व घटनास्थल कॉलोनी के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया। प्राप्त फुटेज के आधार पर यह पुष्टि हो गई कि, परिजनों के बताए अनुसार चूनाभट्ठी निवासी युवक बिट्टू यादव उम्र 19 वर्ष जो घर से राजा साहू को साथ लेकर निकला था। पुलिस द्वारा बिट्टू यादव को हिरासत में लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि, आरोपित बिट्टू कुछ दिन पहले राजा से गाड़ी में हुई टूट फूट का पैसा मांग रहा था और बार -बार पैसे मांगने पर भी न मिलने से नाराज था इसी बात को लेकर जब सुबह दोनों की बहस बढ़ी तो आवेश में आरोपित ने मृतक पर हमला कर दिया और वह मौके पर से भाग गया । फिलहाल आरोपित हिरासत में है और उससे पूछताछ कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि, 5 मार्च गुरुवार को सूचना प्राप्त होते ही मध्य जोन डीसीपी और एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी समेत गंज थाना के पुलिस अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक पंचनामा एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।

घटना के महज 12 घंटे के भीतर प्रकरण का खुलासा और आरोपित की धर पकड़ में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर