संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बांदा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कमासिन क्षेत्र के ग्राम मवई में एक 23 वर्षीय युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मरने से पहले युवक ने अपने ससुर पर गोली मारने का आरोप लगाया है। जबकि ससुर का कहना है कि दामाद ने स्वयं को गोली मारकर उन्हें फंसाने की सफाई दी है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मवई निवासी दशरथ राजपूत (23) गुरुवार दोपहर अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान उसकी बायीं जांघ में बेहद नजदीक से गोली लगी। घटना की सूचना पड़ोसियों ने खेत पर गए उसके पिता शिवचरण को दी। पिता तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बेटे दशरथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में मेडिकल कॉलेज, बांदा में देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश राजपूत ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे दशरथ को गोली लगने की अवस्था में लाया गया था। गोली बायीं जांघ में नजदीक से लगी प्रतीत हो रही थी। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दशरथ की शादी पिछले वर्ष पड़ोसी गांव लौहाई में हुई थी। उसकी पत्नी सपना देवी 26 फरवरी की सुबह लगभग 9 बजे अपने मायके होली मनाने चली गई थी। घटना के समय घर में दशरथ अकेला था।
थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने शुक्रवार को बताया कि थाना कमासिन क्षेत्रांतर्गत ग्राम मवई में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही थाना स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके का गहनता से अध्ययन कर साक्ष्य संकलन करते हुए मृतक के घर से ही आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है। उक्त घटना के सम्बन्ध में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक का उसकी पत्नी से मायके जाने को लेकर विवाद था। समस्त साक्ष्यों के संकलन के उपरान्त समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

