दो दिन से लापता युवक की मौत, शव मिलने पर हत्या की आशंका
कानपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में घाटमपुर थाना क्षेत्र स्थित बलहापारा खुर्द गांव के बाहर रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक दो दिन पहले घर से निकला और फिर उसका कोई पता नहीं चला था। शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का संदेह जताया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मृतक की पहचान गांव निवासी विमल (23) के रूप में हुई है। उसका बड़ा भाई धीरू ने बताया कि विमल पुणे में निजी नौकरी करता था और करीब चार महीने पहले गांव आया था। शुक्रवार शाम वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार शाम परिजन थाने पहुंचे और विमल के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था।
परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे। रविवार सुबह गांव के बाहर बम्बुराही में ग्रामीणों ने विमल का शव फंदे से लटका देखा। इसकी जानकारी डायल 112 पर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की बहन रीना ने भाई की मौत पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। परिजनों का कहना है कि विमल के लापता होने की शिकायत पहले ही पुलिस से की जा चुकी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

