यमुनानगर: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत
यमुनानगर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर में हुए एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। युवक अपनी बाइक पर काम के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सहायता से घायल को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गाजदीनपुर निवासी बसंत के रूप में हुई है। बताया गया है कि उसकी शादी को करीब डेढ़ वर्ष हुआ था और वह पांच माह के शिशु का पिता था। सूचना मिलने पर बुडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
परिजनों के अनुसार, बसंत गांव खारवन में बाइक मरम्मत का कार्य करता था। गुरुवार सुबह अपने घर से दुकान के लिए निकला था। कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि रामबास मोड़ के समीप उसका सड़क हादसा हो गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

