धौलपुर में पंचायत चुनाव से पूर्व खूनी संघर्ष में युवक की मौत
धौलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव में सरपंच के चुनाव से पूर्व रविवार देर रात हिंसा हो गई। जिले के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र के गांव बरौली में दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। बरौली ग्राम पंचायत में सोमवार को होने वाले सरपंच चुनाव से पहले दो पक्षों में संघर्ष के बाद में ग्रामीणों में रोष है। वहीं,देर रात पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पंहुचकर हालात को संभलाा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बरौली ग्राम पंचायत में सरपंच के चुनाव को लेकर रविवार देर रात दो पक्ष आमने सामने हो गए। इस संघर्ष में हुई मारपीट तथा फायरिंग में गोली लगने से 34 वर्षीय युवक पीतम की मौत हो गई। मौके पर पंहुची पुलिस ने मृतक के शव को सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। उधर, इस घटना के बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी के विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान देर रात स्वयं सरमथुरा अस्पताल पहुंचे। एसपी ने मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी बात सुनी और समझाइश के जरिए स्थिति को शांत कराया। देर रात विरोध प्रदर्शन समाप्त होने के बाद क्षेत्र में शांति स्थापित हुई। फिलहाल मृतक का शव सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। स्थिति पूरी तरह शांत है तथा पंचायत चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस इस घटना को अंजाम देने वालों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

