home page

सिरसा: कार से कुचलकर युवक की हत्या

 | 

सिरसा, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में कार से कुचल कर युवक की हत्या कर दी गई है। घायलावस्था में युवक को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाते वक्त भी आरोपियों ने हमला किया। मृतक की पहचान सिरसा निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत पर चार-पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि शहर से सटे खाजाखेड़ा में मृतक सोनू की मां रविवार रात को गली में चारपाई लगाकर बैठी थी। एक कार बार-बार गली में तेज गति से चक्कर काट रही थी। कार की स्पीड को लेकर सोनू व कार सवार लोगों में विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान कुछ लोग बाइक लेकर मौके पर पहुंच गए। कार सवार युवकों ने सोनू को तीन-चार बार टक्कर मारी जिससे वह घायल हो गया। बीच बचाव करने आए सोनू के भाई पवन को भी हमलावरों ने डंडों से पीटकर घायल कर दिया। नंबरदार बलवंत सिंह ने बताया सूचना पुलिस को दी गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे तो हमलावरों ने फिर रास्ते में हमला बोल दिया। सोनू को अस्पताल ले जा रहे लोगों ने घायल को रास्ते में ही छोडक़र अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि हमलावर कार व मोटरसाइकिलों को आधे घंटे तक इधर-उधर भगाते रहे। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और घायल सोनू को अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार सोनू खाजाखेड़ा में ही एक लकड़ी के आरा पर मजदूरी करता था और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने मृतक सोनू के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं जिला नागरिक अस्पताल में शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma