home page

कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, 200 फीट तक घसीटता ले गया वाहन; भाई-भांजे के साथ चाय पीने निकला था

 | 
कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, 200 फीट तक घसीटता ले गया वाहन; भाई-भांजे के साथ चाय पीने निकला था


मंदसौर, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के सोनगरी में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक कंटेनर के पहियों के नीचे आ गया और वाहन उसे करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में युवक के साथ बाइक पर सवार उसके बड़े भाई और भांजे को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोनगरी निवासी 22 वर्षीय सुभाष पिता घनश्याम मीणा के रूप में हुई है। रविवार रात सुभाष अपने बड़े भाई ललित और भांजे लोकेश के साथ नजदीक स्थित आईफा होटल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही ललित और लोकेश सड़क के एक तरफ जा गिरे, जबकि सुभाष सड़क पर गिर गया और कंटेनर के पहियों की चपेट में आ गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक कंटेनर सुभाष को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे में पैर कटकर अलग हुए

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सुभाष के पैर कटकर अलग हो गए और उसके शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुभाष को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार सुभाष की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

कंटेनर की चपेट में आने से उसके पेट के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया था। बाइक पर सवार ललित (25) और लोकेश (18) को भी हादसे में मामूली चोटें आई हैं।

चालक वाहन सहित फरार, सीसीटीवी से तलाश

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर कंटेनर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

सुभाष के चाचा राजू मीणा ने बताया कि सुभाष अपने बड़े भाई और भांजे के साथ होटल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद दलौदा पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। रात में शव को जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया