home page

युवक का अपहरण कर की हत्या, दो हिरासत में

 | 

रायपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थानांतर्गत युवक का अपहरण कर कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपिताें ने मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और उसके शव को गटर (मेनहोल) में डालकर ऊपर से ढक्कन लगा दिया। इसके बाद युवक की माेटरसाइकिल को शहर से दूर नदी में फेंक दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया और उनकी निशानदेही पर आज गुरुवार सुबह शव काे बरामद कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। मृतक के अपहरण की शिकायत परिजनों ने बुधवार को ही तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच युवक का शव मिला है। आरोपिताें ने युवक का काशीराम नगर इलाके से अपहरण किया और उसे कमल विहार के सेक्टर-13 में ले गए। यहां सुनसान इलाके में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपिताें ने पहचान छिपाने के इरादे से मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को मेनहोल में डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपिताें ने मृतक की माेटरसाइकिल को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की। उसकी माेटरसाइकिल को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया। इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेनहोल से युवक का शव बरामद कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल