राजगढ़ः तेज रफ्तार बाइक मवेशी से टकराई, दो घायल युवकों में से एक की मौत
राजगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में हाईवे-52 पर शनिवार की रात ग्राम नरसिंहपुरा जोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 23 वर्षीय युवक की उपचार के लिए भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बीती रात बाइक सवार राहुल (23) पुत्र देवीसिंह सौंधिया निवासी कटारियाखेड़ी और महेश सौंधिया राजगढ़ की ओर से आ रहे थे। नरसिंहपुरा जोड़ के समीप अचानक बाइक मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। राहुल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर कर दिया। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं महेश का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

