गजरौला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने पटाखों के साथ बिजनौर निवासी युवक को पकड़ा
मुरादाबाद, 07 नवम्बर (हि.स.)। अमरोहा जनपद के गजरौला रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम द्वारा शनिवार को यात्रियों के सामान की सघन जांच की गई। इसी दौरान आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक रेशमपाल सिंह एवं कांस्टेबल उमेश छपराना द्वारा प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर बिजनौर निवासी व्यक्ति को पटाखों (ज्वलनशील पदार्थ) के साथ पकड़ा गया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल में रेलवे परिसर एवं रेल यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थों तथा पटाखों के परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड एवं उत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि गजरौला रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जिला बिजनौर के थाना हल्दौर क्षेत्र के ग्राम लाडनपुर निवासी परविंदर कुमार (31 वर्ष) पुत्र तिलक राम के रूप में हुई है। उक्त व्यक्ति गजरौला स्टेशन से बिजनौर जाने वाली ट्रेन में सवार होने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा था। इसी दौरान आरपीएफ टीम द्वारा की गई जांच में उसके पास पटाखे पाए गए।
उक्त मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 164 के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गजरौला पर अपराध संख्या 398/26 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की अग्रिम जांच आरपीएफ पोस्ट गजरौला के सहायक उप निरीक्षक रेशमपाल सिंह द्वारा की जा रही है।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे रेल यात्रा के दौरान पटाखे, विस्फोटक एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ न ले जाएं। ऐसे पदार्थ रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिसरों में आगजनी तथा दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

