home page

बबूल के बगीचे में मिला युवक का शव, पास से अवैध तमंचा बरामद

 | 
बबूल के बगीचे में मिला युवक का शव, पास से अवैध तमंचा बरामद


कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगरा, सरसौल में शनिवार शाम बबूल के बगीचे में एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से .315 बोर का एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।

मृतक की पहचान ग्राम नगरा निवासी 28 वर्षीय राहुल पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राहुल घर से निकला था, जिसके बाद उसका शव बगीचे में मिला। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बरामद अवैध तमंचे को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या की बात कही है। हालांकि पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप