home page

ब्लू वाटर में डूबा युवक, तलाश जारी

 | 
ब्लू वाटर में डूबा युवक, तलाश जारी


रायपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक ने एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने की शर्त लगाकर कूद गया। लेकिन गहरे पानी में पहुंचते ही वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रात होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है। अब गुरुवार सुबह युवक की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान (उम्र करीब 24 वर्ष) अपने तीन दोस्तों के साथ बुधवार शाम नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगाई। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम से संपर्क किया। टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। लेकिन रात होने के साथ-साथ ब्लू वाटर में पानी काफी गहरा होने के कारण अंधेरे में सर्च ऑपरेशन चलाना मुश्किल था। ऐसे में एसडीआरएफ की टीम ने सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कही। युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल