यमुनानगर:रील बनाते समय नहर में बहा युवक, तलाश जारी
यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर के दादूपुर हेड नहर क्षेत्र में सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। 18 वर्षीय युवक नहर में गिरकर तेज बहाव में लापता हो गया, जिसका कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाने की तैयारी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक वीरू मूल रूप से बिहार का निवासी था और जगाधरी क्षेत्र में रहकर एक फैक्ट्री में कार्यरत था। अवकाश के दौरान वह अपने साथियों के साथ नहर किनारे घूमने और वीडियो बनाने गया था।
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक नहर में गिर गया और तेज धार उसे बहाकर ले गई। घटना के समय मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल गोताखोरों की सहायता से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
देर शाम तक कई घंटों की मशक्कत के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार नहर का तेज प्रवाह और गहराई रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बन रही है। इसके बावजूद टीमें लगातार प्रयासरत हैं और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पूरी रात नहर किनारे डटे रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि जब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलता, वे वहीं रहेंगे।
पुलिस के अनुसार फिर से व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

