अनूपपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, गले में मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
अनूपपुर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम परासी में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव रविवार की सुबह घर के कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। एसडीओपी, थाना प्रभारी, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान कन्हैया गोंड उर्फ यशपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह के निवास के सामने स्थित मकान में रहता था। शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के गले में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से नायलॉन की बेल्ट, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिनकी जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार कन्हैया मजदूरी का कार्य करता था तथा शराब पीने का आदी था। शनिवार को वह घर में तोड़फोड़ कर सामान को नुकसान पहुंचा रहा था, जिसे परिजनों ने समझाने का प्रयास किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना देर रात की बताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि घटना को किसी परिचित या करीबी व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

