home page

दतिया : सिंध नदी के नवीन पुल पर डीसीएम की टक्कर से युवक की मौत

 | 
दतिया : सिंध नदी के नवीन पुल पर डीसीएम की टक्कर से युवक की मौत


दतिया, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सिंध नदी के नवीन पुल पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सेवढ़ा से ग्वालियर की ओर जा रही डीसीएम ने पुल पर युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक की पहचान सेवढ़ा के वार्ड क्रमांक-15 निवासी रिंकू उर्फ बौरे, पुत्र पुत्ती बाल्मीकि के रूप में हुई है। बताया गया है कि युवक सिंध नदी के नवीन पुल पर मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की।

पुलिस के अनुसार हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। डीसीएम वाहन और चालक से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद सेवढ़ा के वार्ड क्रमांक-15 सहित आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा