सिरसा : थ्रैशर मशीन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
सिरसा, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव सादेवाला में थ्रैशर मशीन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शव का शनिवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक अनिल थ्रैशर से सरसों निकाल रहा था और इसी दौरान मशीन की चपेट में आ गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर थ्रैशर पर काम कर रहे अन्य लोगों ने मशीन को बंद किया, लेकिन तब तक अनिल की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में सिरसा के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। प्रत्यक्षदॢशयों के अनुसार अनिल का पैर अचानक थ्रेसर में फंस गया, जिससे वह पूरी तरह कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनिल अपने भाई के साथ गांव सादेवाला में रहता था, जबकि उसकी मां पलवल में एक गन्ना मिल में नौकरी करती है। शुक्रवार देर शाम को अनिल गांव में थै्रशर से सरसों निकाल रहे एक व्यक्ति के साथ गया था। अनिल थ्रैशर मशीन पर बैठा था अचानक उसका पैर थ्रैशर की चेन में फंस गया और कुछ ही क्षण में अनिल की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनिल के शरीर के कई टुकड़े हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

