राजगढ़ःयुवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
राजगढ़, 26 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में सोमवार दोपहर 25 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लखन पुत्र रमेश मोगिया निवासी ग्राम पंचावता, थाना मोहन बड़ोदिया, जिला शाजापुर, पिछले दो से तीन महीने से अपनी पत्नी मुस्कान के साथ शिवधाम कॉलोनी स्थित ससुराल में रह रहा था। सोमवार दोपहर उसने सड़क पर खड़े होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पत्नी के ससुराल जाने को लेकर पारिवारिक परिस्थिति बनी हुई थी। हालांकि, इसी वजह से युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया गया है कि युवक की अभी कोई संतान नहीं थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

