राजगढ़ः शौच के लिए घर से निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत
राजगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम संवासड़ा में सोमवार सुबह तालाब में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक घर से शौच के लिए तालाब की ओर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान तालाब में उसका शव मिला।
पुलिस के अनुसार संवासड़ा निवासी पूनमचंद (30) पुत्र जगन्नाथ विश्वकर्मा सुबह घर से तालाब की ओर गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर पिता जगन्नाथ उसे तलाशते हुए तालाब पहुंचे। वहां किनारे पर पूनमचंद की चप्पल दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पूनमचंद का शव पानी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से षव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।पूनमचंद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में पिता जगन्नाथ, मां गीताबाई, पत्नी ममताबाई, तीन वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटा है। वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में भी शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

