home page

सागर में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से दहशत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
सागर में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से दहशत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


सागर, 29 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। युवक के नाक और मुंह से खून बह रहा था, जबकि शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बरारू गांव निवासी 31 वर्षीय अमित पटेल के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह मुनमुन ढाबे के सामने सड़क किनारे झाड़ियों के पास राहगीरों ने युवक को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल बहेरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहीं पहचान होने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।

मृतक के चाचा बैजनाथ पटेल ने बताया कि अमित गुरुवार रात करीब 8 बजे किसी काम से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली।

परिजनों का कहना है कि अमित की मौत सामान्य नहीं लग रही। शव पर चोट के निशान थे और नाक-मुंह से खून बह रहा था। उनका आरोप है कि किसी विवाद के बाद अमित की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे