निषाद पार्टी की बैठक में युवक का हंगामा, मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष समेत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति पर बैठक के दौरान शुक्रवार को गाली गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने राठ कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार निषाद, जिला संरक्षक जयराम निषाद सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि राठ क्षेत्र के ग्राम पथनौड़ी में निषाद पार्टी की बैठक आयोजित की जा रही थी। जिसमें पार्टी के करीब 20 से 25 कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे। आरोप लगाया कि इसी दौरान गांव का नरेश पुत्र झल्ला लोधी वहां पहुंच गया और बैठक में मौजूद लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। उसने निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा पार्टी के जिलाध्यक्ष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की। साथ ही देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बताया कि उक्त युवक ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बैठक में मौजूद लोगों को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। युवक के हंगामा करने से बैठक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं को बैठक स्थल छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। मामले को लेकर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष जिला संरक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाल अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

