रायपुर : गांजा बेचने निकला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा, 13 किलो से अधिक माल जब्त
रायपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने गांजा बिक्री की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 13.928 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 8 हजार 920 रुपये बताई गई है।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
14 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि, बांधपारा क्षेत्र में एक युवक बैग में गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अल्ताफ उर्फ बाबू (21), पिता अब्दुल हमीद, निवासी बांधपारा, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 13.928 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत 2,08,920 रुपये है।
पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है। रायपुर पुलिस का कहना है कि, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

