home page

थाने के अंदर दीवान ने युवक की कर दी बेरहमी से पिटाई, एसओ ने जांच के दिये निर्देश

 | 
थाने के अंदर दीवान ने युवक की कर दी बेरहमी से पिटाई, एसओ ने जांच के दिये निर्देश


आपसी विवाद के बाद दो पक्षों के लोग गए थे थाने

पूरे मामले की शुरू कराई गई जांच, परिजनों में रोष

हमीरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी में शराब पिलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते-देखते मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था, लेकिन बाद में दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचकर तहरीर देने लगे। विवाद का एक पक्ष भगवान राजपूत तथा दूसरा पक्ष बाबू राजपूत का था। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि थाने में दीवान ने एक युवक को लाठी डंडे से जमकर पीटा जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सोमवार को थाना प्रभारी ने घायल युवक को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं इस मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

दूसरे पक्ष के बाबू राजपूत के भतीजे हेमंत राजपूत ने आरोप लगाया कि वह अपने चाचा बाबू राजपूत के साथ मुस्करा कोतवाली के बाहर बैठा था। इसी दौरान कोतवाली में तैनात दीवान दिनेश कुमार कथित रूप से शराब के नशे में आए और गाली-गलौज करते हुए उसे पकड़कर थाने के अंदर ले गए। हेमंत का कहना है कि उसका न तो विवाद में और न ही किसी तहरीर में नाम था, इसके बावजूद उसे थाने के अंदर लाठियों से पीटा गया, जिससे उसके हाथ, पंजे और पीठ पर चोटें आईं तथा लाल निशान पड़ गए। हेमंत ने आरोप लगाया कि जब उसके साथ मारपीट हो रही थी, तभी कोतवाली में मौजूद प्रभारी निरीक्षक (एसओ) मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। सोमवार को उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उसने कहा कि पहले इलाज कराएगा, उसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत करेगा।

वहीं, चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत ने बताया कि घायल का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चोटों की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर उसे उच्च केंद्र रेफर किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह दो पक्षों के बीच का विवाद था, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई थीं। दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। युवक द्वारा लगाए गए पुलिसकर्मी पर मारपीट के आरोपों की भी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा