home page

भोपाल में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, मां ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप

 | 
भोपाल में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, मां ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप


भोपाल, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस मामले में मृतक की मां ने पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गौतम नगर जनता क्वार्टर निवासी अशोक बामने के रूप में हुई है। मृतक की मां कृष्णा बामने ने बताया कि मंगलवार रात किसी लड़की की बात को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। उस समय अशोक नशे की हालत में था। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसी अपने चार बेटों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आया और उनके साथ मारपीट की। मां का दावा है कि इसके बाद आरोपी उनके बेटे अशोक को जबरन खींचकर रेलवे ट्रैक की ओर ले गए और वहां ट्रेन के सामने धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। परिजनों को अशोक की मौत की जानकारी पुलिस के जरिए ही मिली। परिजनों ने बताया कि अशोक अविवाहित था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था।

पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और मां द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत