home page

सागर: बीना में पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
सागर: बीना में पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


सागर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में नई बस्ती पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक पुलिया के नीचे सोमवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश अहिरवार (उम्र 26 वर्ष) पुत्र तिज्जू अहिरवार के रूप में हुई है। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने जानकारी दी कि मुकेश 2 तारीख की सुबह करीब 8 बजे चप्पल पहनकर सामान्य रूप से घर से निकला था। जब वह रात भर वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह नई बस्ती चौकी के पास पुलिया के नीचे उसका शव पड़ा मिला।

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, युवक अत्यधिक शराब पीने का आदी था। प्राथमिक तौर पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि देर रात नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण वह पुलिया से नीचे गिर गया होगा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इस घटना को दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने एक स्थानीय व्यक्ति का नाम उजागर करते हुए उस पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर संबंधित संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ और मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना और हत्या (साजिश) दोनों ही एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्ष और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे