संदिग्ध परिस्थिति में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्कूल के पास रविवार को 23 वर्षीय युवक सचिन कुमार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
युवक का शव उसके घर के आंगन में चापाकल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के परिजन जितेंद्र पंडित और अन्य सदस्यों के अनुसार, पहली नजर में मामला भले ही आत्महत्या का लग रहा हो, लेकिन उन्हें गहरी आशंका है कि सचिन की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाने की गुहार लगाई है। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

