home page

पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या

 | 
पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या


जौनपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के टिकरी बभनौटी गांव में मंगलवार की रात पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प हुई। इसमें अशोक मिश्रा (45) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक अशोक मिश्रा का अपने चाचा कमलाकांत मिश्रा से जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी थी, जिसके बाद अशोक अपने परिवार के साथ कलीचाबाद में रहने लगे थे। वह नईगंज में आयुर्वेदिक दवा की दुकान चलाते थे। क्षेत्र में उनकी पहचान वैद्य के रूप में जानी जाती थी।

मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे अशोक अपने कुछ साथियों के साथ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर चाचा पक्ष से विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात बिगड़ते देख अशोक के साथ आए कई लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद हमलावरों ने अशोक को बांधकर बेरहमी से पीटा। उनके साथ आए अंकित मिश्रा, निवासी नईगंज थाना लाइनबाजार को भी बांधकर मारपीटा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात अशोक मिश्रा की मौत हो गई। वहीं, सुनील मिश्रा, मृदुल मिश्रा और अंकित मिश्रा को गंभीर हालत में बीएचयू वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

इस संबंध में बुधवार को थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए । गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव