दिनदहाड़े लाठियों से पीटकर युवक की हत्या
जयपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के मानसरोवर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें एक युवक पहले से एक मामले में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है, जबकि प्रारंभिक जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी बलवीर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक वर्ष से जयपुर के गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर में किराये पर रहकर मार्बल-टाइल्स का काम करता था। उसकी पत्नी और तीन बच्चे मध्यप्रदेश में रहते हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की और चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम बलवीर शांति नगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान चार युवक हाथों में लाठियां लेकर पीछे से आए और उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल बलवीर को पहले जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान मंगलवार रात करीब 11.30 बजे उसकी मौत हो गई। शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के भाई रामवीर, जो सोडाला के नंदपुरी क्षेत्र में रहता है, की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार युवक हाथों में लाठियां लेकर रेलिंग पार करते हुए बलवीर की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पीछे से सिर पर हमला करने के बाद युवक के गिरने का दृश्य भी कैद हुआ है। मृतक के साथी झार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पहले केशव नामक मजदूर के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पांच-छह युवक डंडे और सरिए लेकर पहुंचे और बलवीर समेत अन्य मजदूरों पर हमला कर दिया। झगड़े के दौरान एक आरोपी को मौके पर मौजूद मजदूरों और राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
भीम आर्मी से जुड़े जितेंद्र हटवाल ने दावा किया कि मजदूरों के अनुसार आरोपियों ने लूट के इरादे से हमला किया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

