सीतामऊ में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपित हिरासत में; आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
मंदसौर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के दीपा खेड़ा में मंगलवार रात एक युवक की लाठी और सरिए से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने बुधवार सुबह मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लदुना चौराहे पर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपा खेड़ा निवासी सुरेश पिता सीताराम सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार मंगलवार 22 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे सुरेश कुछ सामान लेने दीपा खेड़ा बस स्टैंड गया था। इसी दौरान दशरथ, नागु सिंह और रामपाल उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने उसके साथ लाठी और सरिए से मारपीट की।
इसी दौरान सुरेश के भाई अर्जुन को सूचना मिली कि कुछ लोग उसके भाई को उठाकर ले गए हैं। जानकारी मिलने पर अर्जुन मौके पर पहुंचा तो उसने तीनों आरोपितों को सुरेश के साथ मारपीट करते देखा। अर्जुन को वहां आता देख आरोपित मौके से भाग गए। अर्जुन ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और घायल सुरेश को उपचार के लिए सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन रात करीब 12 बजे उसे लेकर मंदसौर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह सुरेश ने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे।
सुरेश की मौत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बुधवार दोपहर तीन चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीतामऊ के लिए रवाना हुए। इसी दौरान लदुना चौराहे पर पहुंचकर परिजन और ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के मकान तोड़े जाने, आरोपितों का जुलूस निकाले जाने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। प्रदर्शन के कारण चौराहे पर कुछ समय के लिए तनाव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले इन्हीं लोगों ने सुरेश के भाई अर्जुन के साथ भी मारपीट की थी। उस घटना में अर्जुन का हाथ फ्रैक्चर हो गया था। परिजनों के मुताबिक, उस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपितों को जेल भेजा गया था।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपितों दशरथ और नागु सिंह को राउंडअप कर लिया है। दोनों सगे भाई बताए गए हैं। मामले में तीसरे आरोपित की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

