home page

सागरः संपत्ति विवाद में ममेरे भाइयों ने पाइप और रॉड से पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट

 | 
सागरः संपत्ति विवाद में ममेरे भाइयों ने पाइप और रॉड से पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट


सागर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मोतीनगर थाना क्षेत्र के रविशंकर वार्ड में मंगलवार की शाम को आपसी रंजिश और संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक को उसके मरेरे भाइयों ने घर के बाहर चारों तरफ से घेरा और तब तक लोहे के पाइप और रॉड बरसाते रहे, जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, रविशंकर वार्ड का रहने वाला 40 वर्षीय अतुल जडिया मंगलवार शाम को अपने घर के पास ही मौजूद था। इसी दौरान उसके ममेरे भाई अचानक लोहे की पाइप और रॉड से लैस होकर वहाँ पहुँचे। इससे पहले कि अतुल कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों के सिर पर खून सवार था, वे अतुल पर तब तक लाठियाँ और रॉड बरसाते रहे जब तक कि वह लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर गया। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग और पड़ोसी अतुल को बचाने के लिए दौड़े, तो आरोपियों ने उन पर भी हथियार तान दिए। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए स्थानीय लोगों को अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से लोग पीछे हट गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची मोतीनगर थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अतुल जडिया को तुरंत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है।

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्राथमिक जाँच में यह बात साफ हुई है कि मृतक अतुल और उसके ममेरे भाइयों के बीच लंबे समय से संपत्ति (प्रॉपर्टी) को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक करीब तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे