home page

यमुनानगर में जेसीबी चालक पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला

 | 

यमुनानगर, 15 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के रायपुर क्षेत्र में एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ोसियों के घर से बरामद कर तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर छह टांके लगाए। परिजनों के अनुसार, घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय शमशाद के रूप में हुई है, जो जेसीबी चालक के तौर पर कार्यरत है। बताया गया कि वह मंगलवार सुबह काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। देर रात पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी कि शमशाद घायल अवस्था में उनके घर के आंगन में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों के अनुसार युवक की गर्दन पर गहरा घाव है, जिससे काफी रक्तस्राव हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। परिवार के सदस्य आरिफ ने बताया कि जिस घर में शमशाद मिला, वह उनके रिश्तेदार का है, जहां फिलहाल किरायेदार रह रहे हैं। घटना के कारणों और हमलावर की पहचान को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, क्योंकि घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला किसी धारदार हथियार से किए गए हमले का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि युवक के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार