home page

पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन फरार आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 25 अगस्त (हि. स.)। पुराने विवाद और गवाही देने की बात को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चूड़ा भी बरामद कर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 2 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के पौनी पसारी के पास हुई थी। प्रार्थी शिवनाथ यादव वहां मौजूद था। इसी दौरान साहिल यादव, समीर यादव और स्वप्नील यादव मौके पर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।

इसी दौरान प्रार्थी का भाई महेश्वर यादव वहां पहुंचा।

आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी बीच साहिल यादव ने हाथ में पहने चूड़ा को निकालकर महेश्वर यादव के सिर पर हत्या की नीयत से वार कर दिया। हमले में उसके सिर और नाक में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। प्रार्थी शिवनाथ यादव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की।

घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले में धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवरीनारायण पुलिस फरार आरोपितों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपित अपने गांव में चोरी-छिपे आए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर तीनों आरोपितों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चूड़ा बरामद कर जब्त किया। इसके बाद तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में साहिल यादव उम्र 23 वर्ष, समीर यादव उम्र 22 वर्ष और स्वप्नील यादव उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपित सुकुलपारा, खरौद, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT