रायपुर : पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपित गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में
रायपुर, 28 जून (हि. स.)। राजधानी रायपुर के मोतीबाग क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जून की सुबह करीब 6 बजे मोतीबाग क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना के बाद थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर तत्काल आरोपितों की तलाश शुरू की गई। जांच में सामने आया कि, पीड़ित कृष दीप और आरोपितों के बीच पहले से परिचय था तथा पुरानी बातों को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी।
घटना वाले दिन सुबह दोनों पक्षों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद आरोपित एक राय होकर पीड़ित से मिलने पहुंचे। आमने-सामने होने पर विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने चाकू से हमला कर कृष दीप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा सहित हत्या के प्रयास एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपितों में महेंद्र उर्फ हर्ष सोनी, निवासी कालीबाड़ी, रायपुर, देव बघेल निवासी रायपुर है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

