home page

हथियार से हमला कर युवक से छीनी नकदी और मोबाइल, एफआईआर

 | 
हथियार से हमला कर युवक से छीनी नकदी और मोबाइल, एफआईआर


शिमला, 24 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में एक युवक पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर उसका मोबाइल फोन और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कांगड़ा जिले के बैजनाथ तहसील के रिड़ा गांव निवासी अक्षित कटोच ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह इन दिनों अल्पाइन हॉलिडे में एफ एंड बी (सर्विस) विभाग में कार्यरत है। शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि बीती रात कुछ लोगों ने उसे सड़क पर मिलने के लिए बुलाया।

अक्षित कटोच के अनुसार जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां मौजूद सुशील, विजय धांटा, अक्षय और एक अन्य व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। उसने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने किसी धारदार हथियार से उस पर वार किया और सामूहिक रूप से उसकी पिटाई की। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि हमले के दौरान उसका मोबाइल फोन और 5 हज़ार रुपये नकद भी छीन लिए गए। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि थाना ठियोग में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 126(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा