युवक पर धारदार हथियार से हमला, वारदात के बाद पेड़ पर चढ़ा आरोपित
सिलीगुड़ी, 29 नवंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी के घोघोमाली इलाके के चयनपाड़ा में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला रविवार सामने आया है। घटना देर रात चयनपाड़ा में घटी है। घायल युवक की पहचान देव सरकार के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे बचाकर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजेश दास नामक युवक ने अचानक धारदार हथियार से देव के गले पर वार कर दिया। रक्तरंजित होकर देव जमीन पर गिर पड़ा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हमले के बाद आरोपित राजेश एक नारियल के पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। सूचना पाकर आशीघर चौकी की पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आरोपित को पेड़ से नीचे उतारने के लिए काफी देर तक मशक्कत की और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
आरोपित लोगों का आरोप है कि आरोपित राजेश लंबे समय से नशे का आदी है। नशे की हालत में वह अक्सर स्थानीय लोगों के साथ मारपीट और हंगामा करता था तथा अपने परिवार के सदस्यों पर भी अत्याचार करता था।
स्थानीय निवासियों का दावा है कि राजेश के खिलाफ पहले भी कई बार आशीघर चौकी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी और कुछ महीने पहले उसके परिवार को भी चेतावनी दी गई थी। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पुलिस की ओर से कोई स्थायी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण यह घटना हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

