बहराइच में पांच लाख के मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार
बहराइच, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात थाना रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के पास भारत-नेपाल सीमा स्थित पिलर संख्या 651/2 के निकट संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अरशद कुरैशी (25) पुत्र मुस्तफा कुरैशी, निवासी चिकवन मोहल्ला, मुनीरगंज भट्ठा, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 ग्राम अवैध स्मैक तथा एक रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय बहराइच भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

