एक करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार
कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। फजलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 101 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को गोविंद नगर पुल के नीचे रेलवे लाइन के किनारे कंटेनर यार्ड की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान युवक को पकड़ा। उसकी पहचान कर्नलगंज के लकड़मंडी निवासी नजमुद्दीन उर्फ शान के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 101 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मादक पदार्थ दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों से कम कीमत पर लाकर कानपुर में सप्लाई किया जा रहा था। तस्करी के लिए करीब एक ग्राम की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार किए जाने की जानकारी भी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शहर में मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए मुखबिरों के साथ तकनीकी माध्यमों और सर्विलांस की मदद ली जा रही है।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर तस्करी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बरामद एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। टीम अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कानपुर में इसकी सप्लाई किन लोगों के माध्यम से की जा रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

